Gold has become low price

सस्ता हो गया सोना, पांच साल में पहली बार इतनी नीचे गिरीं कीमतें

नई दिल्ली अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें पांच साल के निचले स्तर पर फिसल गई हैं। कॉमैक्स पर सोना 12 डॉलर की गिरावट के साथ 1132 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। घरेलू बाजार में सोने की कीमतें 25,500 रुपए प्रति 10 ग्राम के नीचे आ गई हैं। इस साल अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना और डॉलर में जोरदार तेजी के चलते सोने की कीमतें फिसली हैं। साथ ही चीन ने पिछले छह वर्षों के दौरान उम्मीद से कम सोना खरीदा है। विशेषज्ञों के मुताबिक सोने की कीमतें अगले तीन महीने में 24,000 रुपए तक आ सकती हैं।
शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1130.70 डॉलर प्रति औंस तक फिसल गया, जो कि अप्रैल 2010 के बाद निचला स्तर है। इस हफ्ते सोने की कीमतों में 2.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। यह मार्च के बाद की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है। वहीं घरेलू बाजार में सोना 1.06 फीसदी की गिरावट के साथ 25,498 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
सोने में गिरावट अभी बाकी
केडिया कमोडिटी के अजय केडिया ने कहा कि अमेरिका में इस साल दो बार ब्याज दरें बढ़ सकती हैं। ऐसे में सोने की कीमतों पर दबाव और बढ़ सकता है। वहीं चीन और भारत से सोने की मांग कमजोर है। आने वाले दिनों में सोना 24,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के नीचे फिसल सकता है। हालांकि अगले हफ्ते सोने की कीमतें में कुछ रिकवरी देखने को मिल सकती है।

Comments